Jharkhand: जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़ा कार्य शुरू किया गया है। मानगो शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 (पार्ट-बी) के तहत एनएच-33 पर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र के हजारों लोगों को नियमित और शुद्ध पेयजल आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
यह पाइपलाइन एनएच-33 से होते हुए जयपाल कॉलोनी को मुख्य पाइपलाइन से जोड़ेगी। काम की शुरुआत के बाद मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता की जांच की।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने बताया कि इस परियोजना में लंबे समय से तकनीकी और प्रशासनिक बाधाएं आ रही थीं। खासकर एनएच-33 के पास पाइपलाइन एलाइनमेंट को लेकर विभिन्न विभागों से अनुमति और समन्वय की जरूरत थी। लगातार प्रयासों के बाद अब सभी बाधाएं दूर कर दी गई हैं और काम सुचारू रूप से शुरू हो चुका है।
मेयर ने कहा कि यह योजना मानगो क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और इसके पूरा होने के बाद जल संकट काफी हद तक समाप्त हो जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि परियोजना के हर चरण की निगरानी की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कार्य एजेंसी और इंजीनियरों को निर्देश दिया कि काम की गति के साथ गुणवत्ता पर भी पूरा ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि विकास कार्यों के दौरान होने वाली अस्थायी असुविधा में सहयोग करें, ताकि भविष्य में बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
इस मौके पर नगर निगम के सिटी मैनेजर निशांत कुमार, कनीय अभियंता अमित आनंद, तकनीकी पदाधिकारी रूपलाल सहित कई अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।