Jharkhand: जमशेदपुर में हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में एनडीए की ओर से 3 जुलाई शुक्रवार को बुलाए गए बंद का शहर में व्यापक असर देखने को मिला। बंद के चलते सुबह से ही जमशेदपुर के प्रमुख बाजार, दुकानें और पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद रहे, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया। इस बंद के समर्थन में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय, भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अभय सिंह सहित कई नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। नेताओं ने बाजारों में घूमकर व्यापारियों से बंद का समर्थन करने की अपील की और राज्य सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा कि यह बंद अभूतपूर्व रहा है और लोगों ने स्वेच्छा से दुकानों को बंद रखा है। उन्होंने कहा कि व्यापारिक संगठनों ने भी बंद का समर्थन किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में अपराध बढ़ रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई से वे संतुष्ट नहीं हैं। उनके अनुसार पुलिस मामले में गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है और जांच को भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
बंद समर्थकों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ चुकी है और अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसी के विरोध में यह बंद बुलाया गया था। इधर, बंद को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे जिले को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर निगरानी की जा रही है। 49 संवेदनशील स्थानों पर 630 लाठी बल, 73 मजिस्ट्रेट और 20 पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल शहर में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बंद के कारण सामान्य गतिविधियां प्रभावित बनी हुई हैं।