Latehar लातेहार : आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले राहुल सिंह गिरोह का चार अपराधी गिरफ्तार हुआ है. एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बरवाडीह एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए मनिका थाना क्षेत्र के डिग्री कॉलेज के पास से सभी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अपराधियों में गौतम कुमार, रोहित सिंह, शाहिल अंसारी और देववली कुमार शामिल है. इनके पास से पुलिस ने पिस्टल और कारतूस समेत कई अन्य सामान बरामद किया है. गुरुवार को एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी.
रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटना को अंजाम देने के फिराक में थे अपराधी
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात अपराधी राहुल सिंह के कुछ साथी डिग्री कॉलेज के पीछे संगठित होकर अपराधकर्मी राहुल सिंह के इशारे पर जान मारने का भय दिखाकर रंगदारी मांगने तथा फायरिंग की घटना से संबंधित किसी बड़ी संगठित अपराध को अंजाम देने की फिराक में हैं. ये लोग पिछले दिनों मनिका स्थित दो मुहान पुल पर बन रहे नये ब्रिज में काम कर रहे भारतीय वाणिज्य प्रा० लि० के मजदूरों और साईट इंजीनियर पर गोली चलायी थी, परन्तु रंगदारी की मांग करने के बावजूद इन्हें रंगदारी नहीं मिली है.
पुलिस की दबिश भी बढ़ गई है. इसी कारण ये लोग पुनः अंधेरे का लाभ उठाते हुए संगठित अपराध की योजना बनाकर पास में ही चल रहे फोरलेन निर्माण कार्य में बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए एकत्रित हुए थे. जिसके बाद पुलिस टीम का गठन किया गया. पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार अपराधी को गिरफ्तार किया.