वज्रपात से मजदूर की मौत, इलाके में फैली सनसनी

पढ़े पूरी खबर

Update: 2022-05-16 16:53 GMT

जमशेदपुर जिले में रविवार की शाम एक घंटे तक हुई बारिश ने तबाही मचा दी। इस दौरान बिष्टूपुर में वज्रपात से जहां उलीडीह के परमानंदनगर निवासी मजदूर धर्मवीर कुमार (45) की मौत हो गई। वहीं कदमा-सोनारी लिंक रोड के पास एयरपोर्ट की दीवार गिर गई। उधर, कदमा, बिष्टूपुर, साकची समेत कई इलाकों में दर्जनों पेड़ गिरने से जाम लग गया और बिजली सप्लाई बाधित हो गई। सबसे ज्यादा पेड़ कदमा में गिरे। यहां स्ट्रीट लाइट ठप हो गई। कई जगहों पर बारिश से हुए जलभराव के कारण भी जाम लग गया, जिससे लोग परेशान रहे।

कई जगहों पर जलभराव की स्थिति हो गई तो कई जगहों पर पेड़ गिरने से सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई। कदमा फॉर्म एरिया में दर्जनों पेड़ गिरे। साथ ही कई घरों के छज्जे उड़ गए। पेड़ की डाली पोल पर गिरने से स्ट्रीट लाइट भी ध्वस्त हो गई। कदमा फॉर्म में एरिया में देर रात तक सड़कों पर अंधेरा छाया रहा। साकची बाजार के टिन शेड मार्केट की गलियों में पानी भर गया।
रात तक छाया रहा अंधेरा
कई इलाकों में शाम छह बजे से बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। इसके चलते कई मोहल्लों में देर रात तक बिजली सप्लाई ठप रही। मानगो के डिमना रोड, पटमदा लाइन, एनएच-33, बालीगुमा, एमजीएम इलाके में पेड़ की टहनियां बिजली के तार पर गिरने से लाइन ट्रिप कर गईं, जिसके चलते रात आठ बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रही। वहीं, बागबेड़ा, हरहरगुट्टू, घोड़ाबांधा, खड़ंगाझाड़, गोविंदपुर, बिरसानगर, गदड़ा सहित विभिन्न इलाकों में लाइन ट्रिप करने से बिजली सप्लाई ठप हो गई।
आंधी के साथ हुई जमकर बारिश, ओले भी गिरे
शहर और आसपास के इलाके में रविवार को दिनभर उमस भरी गर्मी झेलने के बाद शाम को झमाझम बारिश से राहत मिली। शाम छह बजे हवा एवं मेघ गर्जन के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान कहीं-कहीं ओले भी गिरे। लगभग एक घंटे तक मेघ गर्जन से बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, ऐसी स्थिति नॉर्थ-साउथ क्षेत्र में एक टर्फ रन करने के कारण बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन की वजह से हुआ। मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिमी मानसून के समय से पहले बंगाल की खाड़ी में उसका प्रभाव देखे जाने की संभावना जताई है।
प्री-मॉनसून का प्रभाव भी जगह-जगह देखने को मिल सकता है। रविवार को दिन में जमशेदपुर का तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह तापमान राज्य का दूसरा सबसे अधितकम तापमान था। सबसे ज्यादा 46.1 डिग्री सेल्सियस तापमान डाल्टनगंज का रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा था। तीसरे स्थान पर रांची का तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। रविवार शाम हुई बारिश से जमशेदपुर में रात के तापमान में गिरावट होगी।
Tags:    

Similar News

-->