कोडरमा: नामी संस्थानों में सुरक्षा मानकों की बड़ी लापरवाही उजागर

Update: 2026-06-22 12:53 GMT

Jharkhand: कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया नगर परिषद क्षेत्र में फायर सुरक्षा को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। उपायुक्त के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सोमवार को कई बड़े अस्पतालों और होटलों में फायर ऑडिट कराया, जिसमें गंभीर लापरवाहियां सामने आईं। दिल्ली में हाल ही में हुई भीषण आग की घटना के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

जांच के दौरान जयप्रकाश अस्पताल, विजन अस्पताल, होटल श्री ओम और होटल हॉलीडेज इन सहित कई संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि कई जगहों पर फायर एक्सटिंग्विशर या तो कम संख्या में थे या उनकी वैधता समाप्त हो चुकी थी। कई भवनों में आपातकालीन निकास द्वार और दिशा संकेतक बोर्ड भी नहीं मिले। वहीं स्मोक डिटेक्टर और फायर अलार्म सिस्टम भी कई जगह बंद पाए गए। सबसे गंभीर बात यह रही कि कुछ संस्थानों के पास फायर एनओसी नहीं था या उसकी अवधि खत्म हो चुकी थी।

निरीक्षण टीम में जिला अग्निशमन पदाधिकारी अनिल तिवारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अंकित गुप्ता सहित कई अधिकारी शामिल थे। अधिकारियों ने मौके पर ही संचालकों को फायर सेफ्टी नियमों का पालन करने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं होने पर कार्रवाई और सीलिंग की जाएगी।

प्रशासन ने साफ कहा है कि लोगों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।

Tags:    

Similar News