JPSC-JSSC विवाद पर JMM का बड़ा बयान, मनोज पांडे बोले- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
Jharkhand झारखंड। राज्य स्तरीय परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने बड़ा बयान दिया है। JMM नेता मनोज पांडे ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनोज पांडे ने कहा कि JPSC, JSSC समेत अन्य राज्य स्तरीय परीक्षाओं में अगर कोई अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति अनियमितता में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है और किसी भी दोषी को बचने नहीं दिया जाएगा।
JMM नेता ने कहा, "जिसने भी ऐसा किया है, वह नहीं बचेगा। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।" उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि झारखंड सरकार चाहती है कि परीक्षाओं में पारदर्शिता बनी रहे और अभ्यर्थियों को न्याय मिले। विपक्षी दलों की ओर से केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज पांडे ने कहा कि राज्य की जांच एजेंसियां सक्षम हैं और उनकी नीयत साफ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को अपनी एजेंसियों पर भरोसा है और छात्रों को भी राज्य की जांच प्रक्रिया पर विश्वास रखना चाहिए।
उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी कई मामलों में केंद्रीय एजेंसियों ने जांच की है। उन्होंने NEET परीक्षा विवाद का उदाहरण देते हुए कहा कि केवल केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने से ही हर समस्या का समाधान नहीं होता। मनोज पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार छात्रों के साथ है और उन्हें पूरा न्याय दिलाने के लिए काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाएगी। JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर राज्य के कई हिस्सों में छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब सरकार के इस बयान के बाद छात्रों की अगली प्रतिक्रिया पर नजर रहेगी।