Jharkhand झारखंड: नेपाल में आई भीषण फ्लैश फ्लड और प्राकृतिक आपदा को लेकर झारखंड सरकार ने संवेदना व्यक्त की है। झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि नेपाल में हुई तबाही बेहद चिंताजनक है और इस मुश्किल समय में भारत को नेपाल के साथ खड़ा रहना चाहिए। इरफान अंसारी ने कहा कि नेपाल में आई आपदा को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी चिंता और संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में नेपाल के लोगों के प्रति उनकी गहरी सहानुभूति है।
मंत्री ने बताया कि उन्होंने नेपाल के स्वास्थ्य मंत्री के संपर्क विवरण प्राप्त किए हैं और जल्द ही उनसे बातचीत करने की योजना है। इस बातचीत के माध्यम से नेपाल में आपदा से प्रभावित लोगों की स्थिति और आवश्यक मदद को लेकर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे। इसके बाद झारखंड सरकार की ओर से नेपाल को जरूरी राहत सामग्री और अन्य सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।
इरफान अंसारी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा किसी भी देश के लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे समय में मानवीय आधार पर सहयोग करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि नेपाल और भारत के बीच पुराने और मजबूत संबंध हैं, इसलिए संकट की इस घड़ी में मदद के लिए आगे आना सभी की जिम्मेदारी है। नेपाल में हाल ही में आई फ्लैश फ्लड के कारण कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। तेज बारिश, अचानक बढ़े जलस्तर और अन्य प्राकृतिक घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ है। राहत और बचाव दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में काम कर रहे हैं।
झारखंड सरकार की ओर से भी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। मंत्री ने कहा कि जरूरत के अनुसार राहत और सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार तैयार है। भारत और नेपाल के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध लंबे समय से मजबूत रहे हैं। दोनों देशों के बीच आपदा के समय सहयोग की परंपरा भी रही है। इरफान अंसारी के बयान के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड सरकार नेपाल में प्रभावित लोगों की मदद के लिए जल्द कोई ठोस क दम उठा सकती है। फिलहाल सरकार स्तर पर आवश्यक तैयारियों और समन्वय को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
Tags: