Dhanbad धनबाद : झरिया थाना क्षेत्र के बस्तकोला स्थित निजी कंपनी शांति कामर्शियल के बंद पड़े गोदाम से मंगलवार की शाम एक व्यक्ति का शव बरामद किया. इसकी खबर फैलते ही इलाके में दहशत फैल गई. शव की हालत इतनी खराब थी कि उसकी पहचान नहीं हो सकी. जानकारी के मुताबिक गोदाम जुलाई 2024 से बंद पड़ा था. जनवरी 2025 में इसे एक बार खोला गया था उसके बाद से यह लगातार बंद ही था.
कंपनी का कर्मचारी पवन अग्रवाल मंगलवार की शाम कुछ जरूरी कागजात लेने के लिए गोदाम पहुंचा. दरवाजा खोलते ही उसने देखा कि अंदर एक शव पड़ा है. उन्होंने तत्काल इसकी सूचना झरिया पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल में जुट गई. पुलिस ने बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच भेज दिया. फिलहाल शव को अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में सुरक्षित रखा गया है.
कर्मचारी पवन अग्रवाल ने कहा कि संभवतः उक्त व्यक्ति चोरी की नीयत से गोदाम में घुसा होगा और किसी कारणवश उसकी मौत हो गई. शव पूरी तरह विकृत हो चुका है, जिससे पहचान करना मुश्किल है. वहीं, झरिया थाना प्रभारी शशिरंजन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला चोरी के इरादे से घुसने और गिरने से हुई मौत का प्रतीत होता है. वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.