Dhanbad धनबाद: के टुंडी में एक बकरी की मौत से गांव में दहशत फैल गई। कुत्तों के काटने से बकरी की मौत हुई और उसका दूध पीने वाले 20 लोगों को रेबीज का डर सताने लगा। डर के मारे ग्रामीण एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने बताया कि उबला हुआ दूध पीने से खतरा नहीं होता पर ग्रामीण नहीं माने। अंततः 17 लोगों को टीका लगाया गया।
टुंडी के पोखरिया से एक चौंकानेवाला मामला सामने आया है। यहां एक बकरी के मरते ही गांव में हड़कंप मच गया। दरअसल, कुछ दिन पहले कुत्तों के झुंड ने बकरी पर हमला कर दिया था। इसके बाद बकरी अचानक मर गई, लेकिन उस बकरी का दूध लगभग 20 लोग पी चुके थे।
बकरी का दूध पीने के बाद लोगों को जब पता चला कि उसकी मौत कुत्ते के काटने से हुई है तो सभी के हाथ-पांव फूलने लगे। सभी इस बात पर डर गए कि रेबीज का संक्रमण हो सकता है। जिन-जिन लोगों ने बकरी का दूध पीया था, ऐसे लोगों में दहशत घर कर गई।