एलेप्पी एक्सप्रेस में लावारिस बैग से गांजा बरामद

Update: 2026-06-30 16:30 GMT

बोकारो:  रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन नारकोस’ के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। एलेप्पी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13352) के एक जनरल कोच से लावारिस हालत में रखे दो बैगों से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 7.18 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ बोकारो और सीआईबी/आद्रा की संयुक्त टीम स्टेशन पर नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एलेप्पी एक्सप्रेस के जनरल कोच के लगेज रैक पर रखे दो संदिग्ध बैगों पर जवानों की नजर पड़ी। टीम ने यात्रियों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बैगों को प्लेटफॉर्म संख्या-1 स्थित जीआरपी कार्यालय के पास ले जाया गया और जांच शुरू की गई। बैग खोलने पर उनमें भूरे टेप से लिपटे कुल छह पैकेट मिले। जब एक पैकेट को खोला गया तो उसमें गांजा पाया गया। इसके बाद पूरी सतर्कता के साथ गवाहों की मौजूदगी में जांच की गई और दोनों बैगों से कुल 14.364 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

आरपीएफ के एसी संतोष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन नारकोस के तहत की गई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 7,18,200 रुपये आंकी गई है। पूरी बरामदगी एएससी/आरपीएफ बोकारो दीपक सोंटक्के की निगरानी में की गई। इसके बाद जब्त किए गए गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी बोकारो को सौंप दिया गया। जीआरपी ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड संख्या 15/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह लावारिस बैग किसने ट्रेन में रखा और इसके पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है।

रेलवे पुलिस ने बताया कि ट्रेनों के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है और आगे भी ऐसी जांच तेज की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। यह बरामदगी आरपीएफ की सक्रियता और सतर्क निगरानी का परिणाम मानी जा रही है, जिससे एक बड़ी मादक पदार्थ तस्करी की कोशिश नाकाम हो गई।

Tags:    

Similar News