चार दिनों से जंगल में डटे हाथी, रात होते ही खेतों में मचा रहे उत्पात
चैनपुर में हाथियों का कहर
पलामू: झारखंड के पलामू जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। चैनपुर थाना क्षेत्र के कुमनी और खुरा के जंगलों में पिछले चार दिनों से करीब 10 से 15 हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। हाथी रात के समय जंगल से निकलकर आसपास के गांवों में पहुंच रहे हैं और खेतों में लगी धान तथा मक्के की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर तीन से चार किलोमीटर के दायरे में स्थित गांवों तक पहुंच रहा है। इनमें सलतुआ, कुमनी, थम्हवा, खुरा, रबदा और बेहरा समेत आसपास के गांव शामिल हैं। हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों को अपनी सुरक्षा के साथ फसलों की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथी दिन के समय जंगलों में रहते हैं और शाम ढलने के बाद खेतों तथा आबादी वाले इलाकों की ओर बढ़ने लगते हैं। रातभर फसलों को नुकसान पहुंचाने के बाद सुबह जंगल की ओर लौट जाते हैं। इस कारण लोग शाम होने के बाद घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। चैनपुर प्रखंड के खुरा गांव में हाथियों के झुंड ने लगातार कई दिनों तक फसलों को नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 14 से 15 हाथियों ने खेतों में पहुंचकर धान और मक्के की फसल रौंद दी। प्रभावित किसानों ने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित तरीके से गांवों से दूर करने की मांग की है।
इसी तरह सलतुआ पंचायत के थम्हवा गांव में भी हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। शनिवार की रात करीब 15 हाथियों ने चार किसानों की लगभग पांच एकड़ भूमि में लगी धान की फसल को बर्बाद कर दिया। प्रभावित किसानों में कैलाश सिंह, फ्लू सिंह, महेंद्र सिंह और शंकर सिंह शामिल हैं। हाथियों के खेतों में पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। पंचायत मुखिया चिंतामणि देवी की मौजूदगी में ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर भेजा गया।
रबदा और कुमनी गांव में भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है। यहां हाथियों के झुंड ने चार घरों और मड़ई को क्षतिग्रस्त करने के साथ करीब 12 एकड़ में लगी धान और मक्के की फसल को रौंद दिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों के लगातार गांवों में आने से जान-माल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। चैनपुर वन क्षेत्र के प्रभारी फॉरेस्टर संदीप डोडराय के अनुसार, हाथियों का झुंड क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में घूम रहा है। वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर रख रही है और ग्रामीणों के सहयोग से हाथियों को जंगल की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, चैनपुर रेंज के रेंजर अजय टोप्पो ने बताया कि प्रभावित इलाकों में वनकर्मियों को भेजा जा रहा है। जरूरत पड़ने पर हाथियों को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए विशेष टीम की सहायता ली जाएगी।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब नहीं जाने की अपील की है। साथ ही रात के समय जंगल और खेतों की ओर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से फसल नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने और हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।