East Singhbhum: पुलिस और स्थानीय लोगों की सतर्कता से प्रेमी युगल की जान बची
पूर्वी सिंहभूम: सोनारी थाना क्षेत्र के डोबो पुल पर गुरुवार रात एक प्रेमी युगल ने आपसी विवाद के बाद नदी में कूदकर खुदकुशी करने का प्रयास किया, लेकिन समय पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से उनकी जान बच गई। घटना रात करीब 10 बजे की है। बताया जाता है कि सोनारी बिरसा बस्ती की रहने वाली एक युवती और गणेश नामक युवक के बीच पिछले तीन-चार महीनों से शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। गणेश राज्य से बाहर काम करता है और बुधवार को ही घर लौटा था। घर आने के बाद शादी से जुड़े किसी मुद्दे पर दोनों में कहासुनी हो गई, जो बढ़कर गंभीर विवाद में बदल गई। इसी दौरान दोनों ने डोबो पुल से नदी में कूदने का फैसला कर लिया।
घटना के समय मौजूद लोगों ने उनकी हरकत पर नजर पड़ते ही रोकने का प्रयास किया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें थाना लाकर परिजनों को बुलाया गया और आपसी सहमति से मामला सुलझाया गया पुलिस ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसा कदम न उठाएं। अधिकारियों ने बताया कि समय पर की गई कार्रवाई और स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक बड़ी अनहोनी टल गई।