Dumka दुमका: जिले के रामगढ़ प्रखंड कार्यालय सभागार में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हुई. प्रखंड प्रमुख बाबूलाल मुर्मू की अध्यक्षता में हुई बैठक में पीएम आवास, अबुआ आवास, मनरेगा, पेयजल, स्वच्छता, बिजली सहित सभी प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई. बीडीओ कमलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रखंड की सभी पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना का सर्वे चल रहा है. उन्होंने पंचायत सचिवों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी योग्य लाभुकों का जियो टैगिंग के जरिए नाम दर्ज करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी पंयायत तिनिधियों से अपने क्षेत्र सर्वे जरूर कराने का अनुरोध किया, ताकि योग्य लाभुकों का नाम जोड़ा जा सके.
बीडीओ ने सभी पंचायत प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्र में खराब पड़े चापाकलों व जलमीनारों की सूची प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि उनकी जल्द मरम्मत कराई जा सके. इससे गर्मी में जलसंकट की समस्या से काफी हद तक निबटा जा सकेगा. सीओ प्रदीप कुमार महतो ने जनप्रतिनिधियों से कहा कि विवादित या दानपत्र की जमीन पर आवास निर्माण के पूर्व जमीन दान करने वाले सभी लोगों से सहमति लेना जरूरी है. उन्होंने पीडीएस दुकानों से खाद्यान्न वितरण पर नजर रखने की भी अपील की