धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि स्कूटर बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद बेटे ने 55 वर्षीय पिता की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को सुनसान जगह पर फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
यह घटना बलियापुर थाना क्षेत्र के दोलाबड़ स्थित खेड़बाड़ी गांव की है। मृतक की पहचान 55 वर्षीय विनोद गोप के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, विनोद गोप अपने परिवार के साथ रहते थे और उनका इकलौता बेटा ही इस वारदात का आरोपी बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, पिता-पुत्र के बीच स्कूटर बेचने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने कथित तौर पर पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पिटाई के दौरान गंभीर चोट लगने से विनोद गोप की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने शव को सड़क से करीब 30 मीटर दूर एक सुनसान आवास के पास फेंक दिया।
बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पंचायत भवन के बगल स्थित एक सुनसान घर के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना पूरे गांव में तेजी से फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई अशोक कुमार, एएसआई लाल पासवान समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी बेटे से पूछताछ कर हत्या के कारणों और पूरी घटना की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या किस समय और किस तरह की गई। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
घटना के बाद खेड़बाड़ी गांव में मातम और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि जिस बेटे से बुढ़ापे में सहारे की उम्मीद होती है, उसी पर पिता की हत्या का आरोप लगना बेहद पीड़ादायक है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।