धनबाद। धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन (DCA) में चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। एसोसिएशन के अंदर की खींचतान अब सिंह मेंशन और रघुकुल के बीच राजनीतिक और पारिवारिक टकराव का रूप लेती दिखाई दे रही है। डीसीए प्रबंध समिति ने मेयर संजीव सिंह के दबाव को दरकिनार करते हुए अभिषेक कुमार सिंह को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त कर दिया है। इस फैसले के बाद एसोसिएशन के भीतर चल रही खींचतान और तेज हो गई है।
डीसीए को लेकर पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। एक गुट मौजूदा प्रबंध समिति के खिलाफ लगातार मोर्चा खोल रहा था और समिति को भंग करने की मांग कर रहा था। इसी क्रम में 22 जून को पूर्व डीएसपी अवधेश कुमार सिंह ने 134 सदस्यों के कथित हस्ताक्षर वाला पत्र डीसीए को सौंपा था। इस पत्र में वर्तमान प्रबंध समिति पर कई आरोप लगाते हुए विशेष आम सभा (SGM) बुलाने की मांग की गई थी।
डीसीए प्रबंध समिति ने इस मांग पर जांच कराई और कथित हस्ताक्षरों की वैधता पर सवाल उठाए। समिति की ओर से बताया गया कि पत्र में कई ऐसे लोगों के हस्ताक्षर पाए गए, जो डीसीए के सदस्य ही नहीं हैं। इसके अलावा कुछ सदस्यों ने अपने हस्ताक्षर फर्जी होने की शिकायत भी की।
डीसीए अध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार, अवधेश कुमार सिंह की ओर से भेजे गए पत्र पर 26 जून को हुई प्रबंध समिति की बैठक में चर्चा की गई थी। बैठक में सदस्यों के हस्ताक्षरों की सत्यता जांचने का निर्णय लिया गया। इसके लिए धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष संजीव कुमार झा को जांच की जिम्मेदारी दी गई।
जांच रिपोर्ट में सामने आया कि करीब 65 प्रतिशत हस्ताक्षरों में गड़बड़ी पाई गई। रिपोर्ट के अनुसार, कई सदस्यों ने अपने हस्ताक्षर को फर्जी बताया। वहीं कुछ क्लब प्रतिनिधियों के नाम से किए गए हस्ताक्षर अधिकृत नहीं पाए गए। एक सदस्य ऐसा भी मिला, जो लंबे समय से विदेश में है, फिर भी उसके नाम से हस्ताक्षर किए गए थे।
जांच रिपोर्ट के आधार पर डीसीए प्रबंध समिति ने विशेष आम सभा बुलाने की मांग को खारिज कर दिया। समिति की ओर से कहा गया कि फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर संगठन की बैठक बुलाना उचित नहीं है। इसके बाद रविवार को संबंधित पक्ष को इस निर्णय की जानकारी दे दी गई।
इस बीच डीसीए ने अपने संगठनात्मक बदलाव करते हुए अभिषेक कुमार सिंह को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त कर दिया। अभिषेक सिंह को रघुकुल गुट से जुड़ा माना जाता है। वहीं, मेयर संजीव सिंह डीसीए में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों के बीच पारिवारिक रिश्ते भी हैं, लेकिन लंबे समय से दोनों परिवारों के बीच राजनीतिक और पारिवारिक मतभेद रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मेयर संजीव सिंह डीसीए अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं और संगठन में अपनी भूमिका बढ़ाना चाहते हैं। दूसरी ओर, डीसीए प्रबंध समिति ने अभिषेक सिंह की नियुक्ति कर अलग संदेश देने की कोशिश की है। इसके अलावा मेयर के चचेरे भाई शशि सिंह की पत्नी आशनी सिंह को महिला क्रिकेट समिति में शामिल किया गया है।
डीसीए की बैठक में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए महिला क्रिकेट समिति का भी गठन किया गया। समिति की अध्यक्षता डीपीएस की प्राचार्य डॉ. सरिता सिन्हा को सौंपी गई है। समिति में पूनम शर्मा, आशनी सिंह, डॉ. नीतू सहाय, सोनाली सिंह, सुप्रिया कुमारी, कल्याणी सिन्हा, डॉ. रीना बर्णवाल और बिंदु सिंह को सदस्य बनाया गया है।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्य संतोष कुमार सिंह और दिवेन तिवारी के पद को लेकर भी चर्चा हुई। समिति ने उनके व्यवहार और एसोसिएशन की गतिविधियों में सहयोग नहीं करने के मुद्दे पर विचार किया। इसके बाद दोनों को पदमुक्त करने का निर्णय लिया गया। उनके स्थान पर अशोक सराफ और शिव शक्ति को कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया।
डीसीए के इस फैसले के बाद धनबाद क्रिकेट की राजनीति और गरमा गई है। जहां एक ओर एसोसिएशन ने अपने फैसलों को संगठन हित में बताया है, वहीं दूसरी ओर विरोधी गुट आगे की रणनीति बनाने में जुटा है। आने वाले दिनों में डीसीए की अंदरूनी राजनीति और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।