झारखंड: चतरा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लावालौंग थाना क्षेत्र के होसिर गांव में छापेमारी कर पुलिस ने लगभग 912 किलोग्राम डोडा (पोस्ता भूसी) बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया और तड़के सुबह गांव में स्थित जंगाली गंझू के घर पर छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान घर के अंदर बोरियों में भारी मात्रा में डोडा छिपाकर रखा गया था। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मुख्य आरोपी जंगाली गंझू मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने घर को सील कर दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच की जा रही है। सिमरिया एसडीपीओ ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अब इस पूरे मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और किन राज्यों में इसकी सप्लाई की जानी थी। जांच में यह भी सामने लाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे सिंडिकेट में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस ने इस मामले में लावालौंग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही इस पूरे तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया जाएगा और इसमें शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। इस बड़ी कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। एसडीपीओ ने कहा कि अभियान में शामिल जवानों को सम्मानित भी किया जा सकता है। उन्होंने जनता से भी अपील की है कि अगर कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज कर दिया गया है।