20 साल में भाजपा ने झारखंड को बर्बाद कर दिया, अब उन्हें लूटने नहीं देंगे : हेमंत सोरेन
रांची, (आईएएनएस)| झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा पर एक बार फिर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि झारखंड की समस्याएं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों की दी हुई हैं। पिछले 20 सालों में पैदा की गई समस्याएं पहाड़ के रूप में हमारे सामने हैं। भाजपा की सरकारों ने राज्य को बर्बाद कर दिया। हमारी सरकार बनने के बाद हम समस्याओं का समाधान कर रहे तो उनके पेट में दर्द हो रहा है। महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना में करोड़ों के घोटाले रघुवर दास की सरकार में हुए और केन्द्र सरकार उसके लिए हमें जिम्मेदार ठहरा रही है। यह विकास के नाम पर मचाई गई लूट को ढंकने की दोगला नीति है, जिसे हम सहन नहीं करेंगे।
सोरेन झामुमो की ओर से आयोजित की जा रही 'खतियानी जोहार यात्रा' के दौरान शुक्रवार को मेदिनीनगर के शिवाजी मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हम भाजपा सरकार के कच्चा-चिट्ठा खोल रहे हैं तो हमें प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और आयकर (आईटी) का इस्तेमाल कर डराने की कोशिश की जा रही है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। झारखंड जिस प्रकार संघर्ष कर हमने लिया है, उसी तरह भाजपा की हर लूट का हिसाब लेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने यहां की भूमि को बैंकों में गिरवी रख कर अपने यार-दोस्तों को करोड़ों-अरबों का ऋण दिया है। यह एक अलग लूट का मामला है। केंद्र की भाजपा सरकार झारखंड को चारागाह समझ कर यहां की खनिज-वन संपदा अपने मित्रों को देना चाहती है। हमारी सरकार वैसा होने नहीं देगी। इसके लिए अंतिम क्षण तक लड़ाई होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के पहले एकीकृत बिहार में पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण मिलता था, लेकिन जब झारखंड अस्तित्व में आया तो भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने उसे घटा कर 14 फीसदी कर दिया। यह भूलने वाली बात नहीं है। सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बगैर उन्हें जुमलेबाज करार दिया। कहा कि उनकी बातों में जितनी मिठास है, उतना ही जहर भरा होता है। जनसभा को सूबे के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, श्रम एवं नियोजन मंत्री सत्यानंद भोक्ता सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
--आईएएनएस