झारखंड: इंटर पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा अवसर सामने आया है। झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2026 के तहत कुल 326 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया का संचालन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा किया जा रहा है।
इस परीक्षा के माध्यम से विभिन्न विभागों में नियुक्तियां की जाएंगी। स्वास्थ्य विभाग में बहुद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता के 62 पद, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक के 137 पद, कीट संग्रहकर्ता के 32 पद शामिल हैं। इसके अलावा नगर विकास एवं आवास विभाग में वेटरनरी सहायक/चिकित्सा सहायक के 27 पद, मत्स्य निदेशालय में मत्स्यकी तकनीकी सहायक के 41 पद तथा योजना विकास विभाग के अंतर्गत अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय में कनीय क्षेत्रीय अन्वेषक के 27 पदों पर भर्ती की जाएगी।
JSSC की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 20 जुलाई से 19 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि तक का समय दिया गया है। इस अवधि के भीतर अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन और आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
परीक्षा शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ें, जिसमें योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और अन्य सभी आवश्यक जानकारियां विस्तार से दी गई हैं। इस भर्ती से राज्य के हजारों युवाओं को रोजगार का अवसर मिलेगा। खासकर इंटर पास उम्मीदवारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण मौका माना जा रहा है। विभिन्न विभागों में खाली पदों को भरने से सरकारी सेवाओं में भी मजबूती आएगी। उम्मीदवारों को समय सीमा का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि अंतिम तिथि के बाद कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।