डालटनगंज में 14 ट्रेनें रद्द, 16 के रूट बदले

Update: 2026-06-22 10:56 GMT

Jharkhand: डालटनगंज रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली 14 ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द कर दिया गया है, जबकि 16 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। सोन नगर–पतरातू रेलखंड में चल रहे थर्ड लाइन निर्माण और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के कारण रेलवे ने यह निर्णय लिया है। इससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे के अनुसार 12 पैसेंजर और 2 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द की गई हैं। अलग-अलग तिथियों में कई पैसेंजर ट्रेनों का संचालन 22 जून से 1 जुलाई तक स्थगित रहेगा। इसके साथ ही रांची-सासाराम इंटरसिटी और सासाराम-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस भी कुछ दिनों के लिए बंद रहेंगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सोन नगर से पतरातू के बीच तीसरी रेल लाइन का काम तेजी से चल रहा है। छिपादोहर और मंगरा स्टेशन के बीच मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य और नॉन इंटरलॉकिंग प्रक्रिया चल रही है, इसलिए सुरक्षा कारणों से ट्रेनों का संचालन प्रभावित किया गया है।

16 ट्रेनों को डायवर्ट कर गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन और बरकाकाना रूट से चलाया जा रहा है। धनबाद और रांची रूट की कई ट्रेनों को भी वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जा रहा है। इनमें राजधानी एक्सप्रेस, गरीब रथ, शक्तिपुंज एक्सप्रेस और कई इंटरसिटी ट्रेनें शामिल हैं।

सबसे अधिक असर डालटनगंज–जपला रेलखंड पर पड़ा है, जहां रोजाना सैकड़ों यात्री, छात्र और अधिवक्ता यात्रा करते हैं। ट्रेन बंद होने से लोगों को बसों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे किराया और भीड़ दोनों बढ़ गए हैं। यात्रियों ने जल्द काम पूरा कर सामान्य रेल सेवा बहाल करने की मांग की है।

Tags:    

Similar News