श्रीनगर, 27 नवंबर: स्कूल शिक्षा निदेशालय कश्मीर (DSEK) ने कश्मीर संभाग के सभी सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों (हायर सेकेंडरी स्तर तक) के लिए शीतकालीन छुट्टियों (विंटर वेकेशन) के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा कर दी है। 27 नवंबर 2026 के सरकारी आदेश संख्या 476-DSEK के अनुसार, कश्मीर संभाग के सभी स्कूलों में निर्धारित कार्यक्रम के तहत शीतकालीन छुट्टियां रहेंगी। आदेश के मुताबिक, प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के छात्रों के लिए शीतकालीन छुट्टियां 30 नवंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक रहेंगी।
वहीं, कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्रों के लिए शीतकालीन छुट्टियां 14 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक होंगी। आदेश में यह भी कहा गया है कि छुट्टियों के दौरान सभी शिक्षक किसी भी शैक्षणिक गतिविधि के लिए उपलब्ध रहेंगे। शिक्षण स्टाफ को निर्देश दिया गया है कि वे स्कूल फिर से खुलने से चार दिन पहले अपने-अपने स्कूलों में वापस आ जाएं, ताकि शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से फिर से शुरू करने के लिए जरूरी तैयारियां की जा सकें।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यदि स्कूल प्रमुख या शिक्षण स्टाफ द्वारा छुट्टियों के निर्धारित कार्यक्रम का उल्लंघन किया जाता है, तो संबंधित नियमों के तहत उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है और इसे संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों, उपायुक्तों (डिप्टी कमिश्नरों), मुख्य शिक्षा अधिकारियों और अन्य विभागों को जानकारी और आवश्यक कार्यान्वयन के लिए भेज दिया गया है। इस घोषणा से कश्मीर के छात्रों और अभिभावकों को राहत मिली है, क्योंकि सर्दियों की शुरुआत के साथ ही घाटी में तापमान में भारी गिरावट आ रही है। (KNC)