कटड़ा: माता वैष्णो देवी की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। त्रिकुटा पर्वत पर स्थित माता के भवन तक जाने वाले हिमकोटी बैटरी कार मार्ग पर जमीन धंसने के कारण श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और बैटरी कार सेवा भी रोक दी गई है। हालांकि माता वैष्णो देवी की मुख्य यात्रा जारी है और श्रद्धालुओं को वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग से भवन की ओर भेजा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक हिमकोटी मार्ग पर ठंडा नाला क्षेत्र के पास सोमवार देर रात जमीन धंसने की घटना सामने आई। इसके बाद प्रशासन और श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड से जुड़ी टीमों ने स्थिति का जायजा लिया। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही रोक दी गई।
लगातार दूसरे दिन बैटरी कार सेवा बंद
मार्ग के कुछ हिस्सों में धंसाव के कारण बुधवार को लगातार दूसरे दिन बैटरी कार सेवा बंद रही। इस सेवा का इस्तेमाल विशेष रूप से बुजुर्ग श्रद्धालु, दिव्यांग और पैदल लंबी दूरी तय करने में परेशानी महसूस करने वाले यात्री करते हैं। बैटरी कार सेवा बंद होने से ऐसे यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं को फिलहाल पारंपरिक मार्ग से यात्रा करने की व्यवस्था दी जा रही है।
मुख्य यात्रा जारी
राहत की बात यह है कि जमीन धंसने के कारण पूरी वैष्णो देवी यात्रा को बंद नहीं किया गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना और माता के दर्शन के लिए भवन की ओर जाना जारी है। बुधवार शाम पांच बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालुओं ने कटड़ा स्थित पंजीकरण केंद्रों पर रजिस्ट्रेशन करवाकर RFID कार्ड प्राप्त किए और भवन की ओर रवाना हुए।
हेलिकॉप्टर सेवा भी हुई प्रभावित
बैटरी कार सेवा के साथ बुधवार को हेलिकॉप्टर सेवा पर भी मौसम का असर पड़ा। दिन में कटड़ा और आसपास मौसम सामान्य रहा लेकिन दोपहर बाद त्रिकुटा पर्वत की ऊंची पहाड़ियों पर धुंध छा गई। धुंध के कारण हेलिकॉप्टर सेवा अधिकांश समय प्रभावित रही। हवाई सेवा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को मौसम साफ होने तक इंतजार करना पड़ा। वहीं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा जारी रखी।
आज बारिश की भी संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैष्णो देवी यात्रा मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 10 सितंबर को कटड़ा-वैष्णो देवी क्षेत्र में बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश या गरज-चमक की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी मार्ग पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। प्रशासन प्रभावित बैटरी कार मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। रास्ता सुरक्षित पाए जाने के बाद ही सामान्य आवाजाही और बैटरी कार सेवा बहाल किए जाने की उम्मीद है। यात्रियों को कटड़ा पहुंचने और यात्रा शुरू करने से पहले श्राइन बोर्ड तथा प्रशासन की ताजा एडवाइजरी देखने की सलाह दी गई है।
Tags: