Jammu जम्मू, पुलिस दल पर हमला, मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने से संबंधित कई मामलों में वांछित एक किशोर को रविवार को यहां एक देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस साल की शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत उसके खिलाफ दर्ज एक प्राथमिकी के सिलसिले में पुलिस दल ने उसे गिरफ्तार किया।
वह पुलिस दल पर हमला, मादक पदार्थ तस्करी और अवैध हथियार रखने से संबंधित अलग-अलग मामलों में भी वांछित था। प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।