Jammu and Kashmir जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को विधानसभा में केंद्र शासित प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा तुरंत बहाल करने का प्रस्ताव पेश किया, जिससे सदन में हंगामा हुआ और मारपीट तक की नौबत आ गई। विपक्षी बीजेपी के सदस्यों ने विरोध में सदन के बीचों-बीच (वेल में) आकर हंगामा किया और सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों के साथ उनकी तीखी बहस हुई। जब विधायकों से अपनी सीटों पर वापस जाने की अपील का कोई असर नहीं हुआ, तो स्पीकर अब्दुल रहीम राथर ने सदन की कार्यवाही 30 मिनट के लिए स्थगित कर दी।
हंगामा करने पर बीजेपी के विक्रम रंधावा को मार्शल की मदद से सदन से बाहर निकाल दिया गया। बीजेपी विधायकों ने इस प्रस्ताव का विरोध किया, जिसमें जून 2000 में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार द्वारा पेश किए गए स्वायत्तता प्रस्ताव का ज़िक्र था, जब जम्मू-कश्मीर एक राज्य हुआ करता था।
इसमें लिखा है: "इस सदन द्वारा 26 जून 2000 और 6 नवंबर 2024 को पारित प्रस्तावों के अलावा, सदन भारत सरकार से जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा तुरंत बहाल करने की मांग करता है और यह संकल्प लेता है कि इस प्रस्ताव को भारत सरकार को भेजा जाए।" फारूक अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली NC सरकार ने 9 अगस्त 1953 से पहले जैसी ज़्यादा स्वायत्तता बहाल करने के लिए 26 जून 2000 को एक प्रस्ताव पारित किया था।
6 नवंबर 2024 को सदन ने विशेष दर्जा बहाल करने की मांग वाला एक प्रस्ताव पारित किया था। जैसे ही मुख्यमंत्री ने सदन में प्रस्ताव पेश किया, सत्ता पक्ष के सदस्यों ने डेस्क थपथपाकर इसका स्वागत किया। हालाँकि, 2000 के प्रस्ताव का ज़िक्र होने पर बीजेपी सदस्यों ने विरोध शुरू कर दिया।
बीजेपी विधायक आर एस पठानिया ने कहा, "हम सदन में स्वायत्तता के मुद्दे पर चर्चा नहीं होने देंगे।" बीजेपी विधायकों ने आरोप लगाया कि नियमों का उल्लंघन किया गया क्योंकि मुख्यमंत्री ने सदन में प्रस्ताव पेश करने से पहले ही उसे पढ़ दिया था, और उन्होंने प्रस्ताव की प्रतियां फाड़ दीं। सदन में जारी हंगामे के बीच कई विधायकों के बीच तीखी बहस हुई।
Tags: