उधमपुर: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर ज़िले में शुक्रवार को एक नाले को पार करने की कोशिश करते समय अचानक आई बाढ़ में पति पत्नी बह गए।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना काघोटे नाले में हुई जहाँ उसी इलाके के रहने वाले इस पति पत्नी को नाला पार करते समय बाढ़ के तेज़ बहाव ने अपनी चपेट में ले लिया। लापता पति पत्नी की पहचान काघोटे निवासी बलदेव कुमार (58) और उनकी पत्नी माया देवी (53) के तौर पर हुई है।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पति पत्नी का पता लगाने के लिए खोज और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि लगातार कोशिशों के बावजूद दोनों का पता नहीं चल पाया और खोज अभियान जारी है।

पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की जांच चल रही है।

Tags: