Srinagar: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए डॉ. मनीषा निगम का चयन, गढ़वाल विश्वविद्यालय में खुशी
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार की सूची में डॉ. मनीषा निगम का नाम, गढ़वाल विश्वविद्यालय गौरवान्वित
श्रीनगर (गढ़वाल) : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की शिक्षिका डॉ. मनीषा निगम का भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से दिए जाने वाले एचईएलएस एवं पॉलिटेक्निक राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए चयन हुआ है। देशभर से इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए केवल 21 शिक्षकों का चयन किया गया है।
शिक्षा मंत्रालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, चयनित शिक्षकों में विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, केंद्रीय विश्वविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षक शामिल हैं। डॉ. मनीषा निगम का चयन गढ़वाल विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धि माना जा रहा है।
भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा उच्च शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों के लिए प्रदान किया जाने वाला यह राष्ट्रीय सम्मान उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान को मान्यता देने वाला महत्वपूर्ण सम्मान है। डॉ. मनीषा निगम का चयन गढ़वाल विश्वविद्यालय की अकादमिक उपलब्धियों में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ है। पुरस्कार समारोह 5 सितंबर को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। पुरस्कार में प्रशस्ति-पत्र, पचास हजार रुपए की राशि एवं रजत पदक प्रदान किया जाएगा।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने डॉ. मनीषा निगम को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित सम्मान के लिए विश्वविद्यालय की शिक्षिका का चयन पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय है। वहीं कुलसचिव प्रो वाईपी रैवानी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026 के लिए डॉ. मनीषा निगम का चयन हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है।
यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की उत्कृष्ट अकादमिक परंपरा, शिक्षकों की प्रतिबद्धता एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करती है।
विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो ओपी गुसाईं, बिड़ला परिसर के निदेशक प्रो हरभजन सिंह चौहान डीन नियुक्ति, प्रोन्नति प्रोफ़ेसर एम एस पंवार, विश्वविद्यालय जनसम्पर्क अधिकारी आशुतोष बहुगुणा समेत विभिन्न शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी डॉ. निगम को बधाई देते हुए उन्हें उज्ज्वल अकादमिक भविष्य की शुभकानाएं दी।