ऊधमपुर जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। इलाके में चल रहे अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेर लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ में 2 से 3 आतंकियों के ढेर होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़
ऊधमपुर के ऊपरी इलाकों में सुरक्षा बलों को आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त अभियान शुरू किया। तलाशी अभियान के दौरान आतंकियों से संपर्क हुआ और दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। दुर्गम पहाड़ी इलाका होने के कारण अभियान में सावधानी बरती जा रही है।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
मुठभेड़ के बाद आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षाबलों ने भागने के संभावित रास्तों को बंद कर तलाशी अभियान तेज कर दिया है। ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद से इलाके की निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, अभियान पूरा होने के बाद ही मारे गए आतंकियों की संख्या और उनकी पहचान से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
लगातार जारी हैं आतंकरोधी अभियान
जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में सुरक्षा बलों की ओर से आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाए जा रहे हैं। ऊधमपुर क्षेत्र में पहले भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
Tags: