अमरनाथ यात्रा से पहले जम्मू-पठानकोट हाईवे पर सुरक्षा एजेंसियां हुईं अलर्ट

Update: 2025-06-28 15:34 GMT
Jammu जम्मू : तीन जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को भारत-पाक सीमा पर स्थित बॉर्डर चौकियों का औचक निरीक्षण कर तैनाती व प्रबंधों की गहन समीक्षा की।
इसके साथ ही जम्मू-पठानकोट हाईवे के साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष नाके लगाए गए हैं, जहां पुलिस, बीएसएफ और अर्धसैनिक बलों के जवानों को चौबीसों घंटे तैनात किया गया है। सांबा जिले की सभी बॉर्डर पुलिस चौकियों पर कर्मियों को अलर्ट पर रखा गया है। वीडीजी के सदस्यों को भी पुलिस कर्मियों के साथ संयुक्त ड्यूटी के निर्देश दिए गए हैं। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा की पहली पंक्ति में तैनात बीएसएफ जवानों को भी उच्च सतर्कता के साथ तैनात किया गया है।
रक्षा सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा पुराने लांचिंग पैड को सक्रिय करने और सीमा पार हलचल बढ़ने से भारतीय सुरक्षा बल सतर्क हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया, "पाकिस्तान अमरनाथ यात्रा को प्रभावित करने की फिराक में है। हम उनकी हर गतिविधि पर नजर रखे हुए हैं और किसी भी घुसपैठ प्रयास को नाकाम करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधिकारियों ने बॉर्डर मार्ग के चौक-चौराहों, नदी-नालों पर बने पुलों पर चौबीस घंटे नाके लगाए जाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बीएसएफ व पुलिस कर्मी संदिग्ध सुरंगों का पता लगाने के लिए एंटी टनल ऑपरेशन तेजी से चला रहे हैं। सुरक्षा बलों का स्पष्ट संदेश है: हम किसी भी राष्ट्र विरोधी ताकत को सीमा में प्रवेश नहीं करने देंगे।
Tags:    

Similar News