Srinagar श्रीनगर, 227 यात्रियों को लेकर जा रही एक फ्लाइट को बुधवार को श्रीनगर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। श्रीनगर एयरपोर्ट के अधिकारियों ने जीएनएस को बताया कि दिल्ली-श्रीनगर के बीच उड़ान भरने वाली एक खास एयरलाइंस की फ्लाइट में खराब मौसम-ओलावृष्टि- हुई और संबंधित पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) श्रीनगर को इमरजेंसी की सूचना दी। बाद में फ्लाइट को 1830 बजे श्रीनगर में सुरक्षित तरीके से उतारा गया। उन्होंने कहा, "सभी एयरक्रू और यात्री सुरक्षित हैं और एयरलाइन ने फ्लाइट को एओजी (एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड) घोषित कर दिया है।"
एयरलाइन ने एक बयान में कहा: "दिल्ली से श्रीनगर के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 को रास्ते में अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा। फ्लाइट और केबिन क्रू ने स्थापित प्रोटोकॉल का पालन किया और विमान श्रीनगर में सुरक्षित तरीके से उतरा। विमान के पहुंचने के बाद एयरपोर्ट की टीम ने ग्राहकों की देखभाल की और उनकी सुविधा को प्राथमिकता दी। विमान को आवश्यक निरीक्षण और रखरखाव के बाद छोड़ा जाएगा।"