श्रीनगर में माइनस 1.2 डिग्री पहुंचा पारा, जम्मू संभाग में कड़ाके की ठंड

जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों और लद्दाख में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

Update: 2021-11-16 15:46 GMT

जम्मू-कश्मीर के पर्वतीय इलाकों और लद्दाख में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 1.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है। इसी तरह से पहलगाम में माइनस 4.7 डिग्री और पर्यटन स्थल गुलमर्ग में माइनस 1.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं लद्दाख के लेह में बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 8.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात थी।

लेह के कई क्षेत्रों में जलस्रोत जमने लगे हैं। कारगिल में भी बीती रात का न्यूनतम तापमान माइनस 6.8 डिग्री सेल्सियस के साथ कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। इधर जम्मू में रात का तापमान दस डिग्री से नीचे आ गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में मौसम साफ रहेगा, लेकिन पारे में गिरावट भी जारी रहेगी।
कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चल रहा है। यहां तापमान में सामान्य से 3-4 डिग्री गिरावट आई है। जम्मू संभाग में भी रात को सर्दी में बढ़ोतरी हुई है। जम्मू में मंगलवार को दिनभर मौसम साफ रहने के साथ अधिकतम तापमान 25.9 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
संभाग के बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 5.0, बटोत में 6.3, कटड़ा में 9.7 और भद्रवाह में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साफ मौसम के साथ प्रदेश में खुश्क सर्दी में भी वृद्धि हुई है।
Tags:    

Similar News