Kathua: फाइनल में आमने-सामने होंगे किक ऑफ सीनियर्स और हीरानगर एफसी
फुटबॉल फाइनल में भिड़ेंगी किक ऑफ सीनियर्स और हीरानगर एफसी
कठुआ: जिला प्रशासन कठुआ की ओर से नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित कठुआ फुटबॉल लीग-2026 में रविवार को जीडीसी कठुआ के स्पोर्ट्स ग्राउंड में दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। इनमें किक ऑफ सीनियर्स और हीरानगर फुटबॉल क्लब ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
पहले सेमीफाइनल में किक ऑफ सीनियर्स ने संडे फुटबॉल क्लब को 8-1 से करारी शिकस्त दी। किक ऑफ की ओर से जिमी, गौरव और रोहित ने दो-दो गोल किए जबकि अमन और जतिंदर ने एक-एक गोल किया। दूसरे सेमीफाइनल में हीरानगर एफसी ने फ्लोट फुटबॉल क्लब को 2-0 से हराया। हीरानगर की ओर से आर्यन और ललित ने एक-एक गोल किया। अब किक ऑफ सीनियर्स और हीरानगर एफसी के बीच लीग का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा। नशा मुक्त अभियान के तहत आयोजित यह लीग युवाओं को खेल, फिटनेस और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से कराई जा रही है।