Kathua: कठुआ पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क, चार गिरफ्तार
नशा तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा, कठुआ पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार
कठुआ: नशा तस्करी के खिलाफ अभियान के तहत कठुआ पुलिस ने लखनपुर में अंतरराज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 2.672 किलो अफीम बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा-आईपीएस की देखरेख में की गई।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने लखनपुर के बाईपास रोड स्थित श्मशान घाट के पास नाका लगाकर पंजाब नंबर के ट्रक पीबी05एके-9902 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक से 1.026 किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने चालक गुरविंदर सिंह निवासी तरनतारन और उसके साथी सुखदेव सिंह को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आई जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने पठानकोट के गांव नक्की परमानंद में छापेमारी कर राकेश कुमार और अजय कुमार को भी गिरफ्तार किया तथा वहां से नशीले पदार्थ का पैकेट बरामद किया। इस कार्रवाई में कुल 2.672 किलो अफीम जब्त की गई। मामले में थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 114/2026 धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा तस्करी नेटवर्क की आगे-पीछे की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।