Kathua: कठुआ में आपदा प्रबंधन को लेकर हाई अलर्ट, एसडीआरएफ पूरी तरह तैयार

कठुआ में आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन की चौबीसों घंटे निगरानी

Update: 2026-07-17 05:29 GMT

कठुआ: डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने गुरुवार को बैठक कर जिले में आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने एसडीआरएफ की तत्परता, राहत एवं बचाव योजनाओं और आवश्यक सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में एडीसी महिमा मदान, एडिशनल एसपी सुनील केसर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने संसाधन, मशीनरी और कर्मियों को पूरी तरह तैयार रखें तथा एसडीआरएफ, पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर एंड इमरजेंसी सेवाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखें। उन्होंने 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित करने, नोडल अधिकारी नियुक्त करने और आपदा संसाधनों की अद्यतन सूची तैयार रखने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग को पिछले पांच वर्षों के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां के लिए विशेष निकासी (एवैक्यूएशन) योजनाएं तैयार करने को कहा गया।

उपायुक्त ने सुरक्षित आश्रय स्थलों की पहचान, आवश्यक वस्तुओं की अग्रिम व्यवस्था और नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने पर भी बल दिया। साथ ही स्वास्थ्य, बिजली, जल शक्ति और अन्य विभागों को आपात स्थिति में सेवाएं बहाल रखने के लिए टीमों को तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने आपदा प्रबंधन प्लान को अपडेट रखें ताकि किसी भी स्थिति में जन-धन के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

Tags:    

Similar News