Kathua: कठुआ में भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन

Update: 2026-02-24 14:32 GMT

कठुआ: भाजपा महिला मोर्चा कठुआ ने शहर के मुखर्जी चौक पर इंडियन नेशनल कांग्रेस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर लेकर कांग्रेस के विरोध में नारेबाजी करते हुए देश की गरिमा के अपमान का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एक ओर एआई से संबंधित कार्यक्रम आयोजित हो रहा था, वहीं कांग्रेस के कुछ युवा नेताओं द्वारा कथित रूप से टी शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया गया जिससे देश की गरिमा को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि भारत अपने सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह का अपमान सहन नहीं करेगा।

भाजपा की वरिष्ठ नेत्री रेखा कुमारी ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था और न ही भाजपा से जुड़ा आयोजन था, लेकिन कांग्रेस के युवा नेताओं ने नारेबाजी कर देश का नाम खराब किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी निराशा और हताशा में इस तरह की गतिविधियां कर रही है जिससे देश की छवि प्रभावित हो रही है। महिला मोर्चा की सदस्यों ने कांग्रेस नेतृत्व से इस मामले में जवाब देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने देश की गरिमा और सम्मान की रक्षा के लिए एकजुट रहने का संदेश भी दिया।

Tags:    

Similar News