Jammu and Kashmir जम्मू कश्मीर : रामबन जिले में रविवार को सेना का एक वाहन 700 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे तीन सैन्यकर्मियों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर जम्मू से श्रीनगर जा रहे काफिले का हिस्सा सेना का ट्रक सुबह करीब 11.30 बजे बैटरी चश्मा के पास खाई में गिर गया। उन्होंने बताया कि सेना, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने संयुक्त बचाव अभियान चलाया और वाहन में सवार तीन जवान मौके पर ही मृत पाए गए। मृतकों की पहचान अमित कुमार, सुजीत कुमार और मन बहादुर के रूप में हुई है और उनके शवों को खाई से निकाला जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारण वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।