Jammu: नटरंग के संडे थिएटर में गिरगिट नाटक का सफल मंचन

Update: 2025-11-10 10:25 GMT

जम्मू: नटरंग जम्मू की साप्ताहिक नाट्य श्रृंखला संडे थिएटर के तहत रविवार को रानी पार्क में नीरज कांत द्वारा निर्देशित हिंदी नाटक गिरगिट का मंचन किया गया। एंटोन चेखव की प्रसिद्ध रूसी लघु कथा पर आधारित यह नाटक वर्तमान सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था पर तीखा व्यंग्य साबित हुआ। स्थानीय परिप्रेक्ष्य में ढाला गया यह नाटक दर्शकों को गहराई से जोड़ गया और उन्हें अपनी ही सामाजिक परिस्थितियों का प्रतिबिंब देखने का अनुभव कराया।

नाटक की कहानी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी और एक कुत्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जहाँ अधिकारी अपनी सुविधा के अनुसार बार-बार रंग बदलता है। घटनाक्रम तब शुरू होता है जब एक जेबकतरे को कुत्ता काट लेता है और वह पुलिस से न्याय की गुहार लगाता है। जैसे ही यह खबर फैलती है कि कुत्ता किसी मंत्री का हो सकता है, अधिकारी का व्यवहार तुरंत बदल जाता है और वह मंत्री के कुत्ते की ‘मर्यादा’ की रक्षा के नाम पर पीड़ित को ही दंडित करने लगता है। लेकिन जब सच्चाई बदलती है, तो अधिकारी का रुख भी गिरगिट की तरह पल भर में बदल जाता है। यह घटनाक्रम समाज में व्याप्त दोहरे मानदंडों और सत्ता-भक्ति पर करारा प्रहार करता है।

मुख्य भूमिका में मिहिर गुजराल ने पुलिस अधिकारी के बदलते रंगों को प्रभावशाली ढंग से जीवंत किया। उनके सहयोगी आदेश धर ने अपनी भूमिका को दमदार अंदाज़ में निभाया। वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कननप्रीत कौर ने प्रशासनिक वर्ग की मानसिकता को सटीक रूप में प्रस्तुत किया। अन्य भूमिकाओं में विशाल शर्मा, कुशल भट्ट, कार्तिक कुमार, पवन वर्मा, सुहानी सरीन, तनिषा और सुप्रिया गोरका ने अपनी अदाकारी से दर्शकों को प्रभावित किया। नटरंग द्वारा प्रस्तुत यह नाटक समाज में व्याप्त पाखंड, सत्ता के प्रति चापलूसी और नैतिक मूल्यों के ह्रास पर गहरी चोट करता है, जो दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर गया।

Tags:    

Similar News