Jammu: अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, तीन बदमाश पीएसए के तहत गिरफ्तार

Update: 2026-07-16 09:48 GMT

जम्मू: अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू जिले की आर.एस. पुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 कुख्यात एवं आदतन अपराधियों को जम्मू-कश्मीर सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (पी.एस.ए.) के तहत हिरासत में लिया है। जिला मजिस्ट्रेट जम्मू द्वारा जारी निरोधात्मक आदेशों के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर निर्धारित जेल में भेज दिया।

पुलिस के अनुसार अलग-अलग पी.एस.ए. वारंटों के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जानू कुमार उर्फ नागो पुत्र देवी दास निवासी चक मोहम्मद यार, आर.एस. पुरा, कर्ण कुमार उर्फ नंदी पुत्र बलवंत राज निवासी वार्ड नंबर-9, चोहाला, आर.एस. पुरा तथा अनिल चौधरी उर्फ आशु पुत्र बहादुर सिंह निवासी वार्ड नंबर-7, आर.एस. पुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि कर्ण कुमार उर्फ नंदी के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैर-कानूनी जमावड़ा, आपराधिक अतिक्रमण, आर्म्स एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 5 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अनिल चौधरी उर्फ आशु के खिलाफ आगजनी, घर में घुसपैठ, हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी, आर्म्स एक्ट तथा बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं के तहत 5 मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार जानू कुमार उर्फ नागो भी क्षेत्र का आदतन अपराधी है और उसके विरुद्ध भी कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इन आदतन अपराधियों को पी.एस.ए. के तहत हिरासत में लेने का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना व भविष्य में उनकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। जम्मू पुलिस अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ अपना अभियान आगे भी लगातार जारी रखेगी।

Tags:    

Similar News