जम्मू: बांडीपोरा जिले के सुम्बल इलाके में सोमवार तड़के सीआरपीएफ 45 बटालियन की एफ कंपनी के कैंप में भीषण आग लग गई। यह आग सुम्बल स्थित सरकारी डिग्री कॉलेज के सामने बने सीआरपीएफ कैंप के बैरक (बटाख शेड) में लगी। सूचना मिलते ही सुम्बल फायर स्टेशन से दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग की तीव्रता को देखते हुए नायदखाई फायर स्टेशन से अतिरिक्त दमकल टीमें भी बुलानी पड़ीं।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। इस हादसे में बैरकों में रखे बेड और जवानों का कुछ निजी सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है जबकि विस्तृत जांच जारी है।