Jammu: कर्नल आरके शर्मा ने मानसून के बीच सुरक्षा और सतर्कता पर दिया जोर
मानसून के खतरे बढ़े, कर्नल आरके शर्मा ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जम्मू: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही मानसूनी बारिश और बेमौसम वर्षा से हो रहे नुकसान पर चिंता व्यक्त करते हुए कर्नल आरके शर्मा ने सरकार से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की ड्रेनेज व्यवस्था में व्यापक सुधार करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक आधार पर विकसित ड्रेनेज नेटवर्क के अभाव में हर वर्ष बाढ़, जलभराव और सड़कों, मकानों तथा कृषि भूमि को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। उनका कहना था कि कई नई आवासीय कॉलोनियां बिना पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था के विकसित की गई हैं जिसके कारण बारिश के दौरान लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
कर्नल शर्मा ने बनयान एन्क्लेव का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों द्वारा कई बार प्रशासन के समक्ष मामला उठाने और विरोध प्रदर्शन करने के बावजूद इलाके में समुचित ड्रेनेज व्यवस्था विकसित नहीं की गई। उन्होंने कहा कि हर बार भारी बारिश होने पर वर्षा का पानी घरों में घुस जाता है और सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में आई बाढ़ से हुई तबाही को भुलाया नहीं जा सकता और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए प्रशासन को चौबीसों घंटे सतर्क रहकर आवश्यक तैयारियां करनी होंगी। उनका कहना था कि उचित ड्रेनेज योजना के बिना विकास कार्य अधूरे हैं और प्रशासन को इस दिशा में गंभीरता से कदम उठाने चाहिए।