जम्मू: कुलगाम के अखल वन रेंज के कंपार्टमेंट नंबर 29 में वन संरक्षण बल और स्पेशल फॉरेस्ट डिवीजन कुलगाम की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध रूप से काटी गई लकड़ी जब्त की। टीम ने मौके से लगभग 39.82 फीट (9 लट्ठे) काइल प्रजाति की लकड़ी बरामद की, जिसे गैरकानूनी रूप से काटा गया था।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लकड़ी जब्त की और आरोपित व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया। रेंज ऑफिसर कुलगाम सुहैल अहमद ने पुष्टि की कि विभाग ने फरार आरोपी के खिलाफ वन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
वन विभाग ने हरित आवरण की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और चेतावनी दी कि अवैध कटान या वन अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।