JAMMU.जम्मू: इस साल 6 से 14 जून तक होने वाले पहले ग्लोबल कश्मीरी पंडित हेरिटेज टूर की आयोजन संस्था प्रागाश का एक प्रतिनिधिमंडल आज यहां जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मिला। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व GKPD के कोऑर्डिनेटर काशी अखून और AMEAK के अध्यक्ष संजय कौल ने किया। प्रतिनिमंडल ने उपराज्यपाल को बताया कि इस ऐतिहासिक पहल में 13-14 जून को श्रीनगर, कश्मीर के SKICC में होने वाला दो दिवसीय ग्लोबल कॉन्फ्रेंस शामिल है। इसमें कश्मीरी हिंदू समुदाय के लगभग 1,000 सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इस टूर का मकसद कश्मीर घाटी में धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत स्थलों का दौरा करवाना, सामुदायिक संबंधों को मजबूत करना, प्रतिभागियों को उनकी पैतृक जड़ों से फिर से जोड़ना और सांस्कृतिक संरक्षण और वैश्विक जुड़ाव को बढ़ावा देना है।
प्रतिनिमंडल ने इस ऐतिहासिक पहल के लिए उपराज्यपाल से आशीर्वाद और समर्थन मांगा। उपराज्यपाल ने समूह का गर्मजोशी से स्वागत किया और कश्मीरी पंडित विरासत को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के उनके प्रयासों की सराहना की। बैठक के दौरान, आयोजकों ने औपचारिक रूप से उपराज्यपाल को हेरिटेज टूर का आधिकारिक निमंत्रण और विस्तृत कार्यक्रम प्रस्तुत किया। यह याद किया जा सकता है कि छह प्रमुख कश्मीरी पंडित समुदाय संगठनों ने मिलकर इस अभूतपूर्व विरासत पहल को आयोजित करने के लिए हाथ मिलाया है। इनमें शामिल हैं GKPD (ग्लोबल कश्मीरी पंडित डायस्पोरा), KOA USA, (कश्मीर ओवरसीज एसोसिएशन), JKVM (जम्मू कश्मीर विचार मंच), AMEAK (ऑल माइग्रेंट एम्प्लॉइज एसोसिएशन कश्मीर), YAIKS (यूथ ऑल इंडिया कश्मीरी समाज) और KPA मुंबई (कश्मीरी पंडित एसोसिएशन)। हेरिटेज टूर कमेटी ने औपचारिक निमंत्रण भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसमें पहला निमंत्रण उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को दिया गया है।