Kulgama कुलगाम: जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलगाम जिले के खुदवानी इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। अमरनाथ यात्रा पर जा रहे तीर्थयात्रियों के काफिले में शामिल तीन वाहन आपस में टकरा गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब श्रद्धालुओं का जत्था बालटाल की ओर जा रहा था। हादसे में दस से ज्यादा यात्री घायल हो गए।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC) अनंतनाग में भेज दिया गया। कैमोह अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि कुल 9 घायल श्रद्धालुओं को जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया है। सभी को सिर्फ हल्की चोटें लगी हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
प्रशासन ने उठाए सभी जरूरी कदम
प्रशासन ने इस हादसे को गंभीरता से लिया है। सभी घायल श्रद्धालुओं की देखभाल और इलाज की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों को सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
यात्रा को लेकर अलर्ट
इस हादसे के बाद प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर यातायात नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरती है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने यात्रियों को सावधानी बरतने की दी सलाह
हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, यह राहत की बात है। प्रशासन की तत्परता और मेडिकल टीम की तेजी से मदद से स्थिति काबू में है। अमरनाथ यात्रा जारी है, लेकिन यात्रियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।