Jammu जम्मू। रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष को खत्म कराने में भारत की भूमिका को लेकर पूर्व जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक (DGP) एसपी वैद ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत के सभी पक्षों से अच्छे संबंध हैं और वह शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में मदद के लिए तैयार है, एसपी वैद ने कहा कि इससे पहले ईरान के राष्ट्रपति और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस तरह की बात कह चुके हैं।
एसपी वैद ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सभी वैश्विक नेताओं के साथ अच्छे संबंध और व्यक्तिगत समीकरण हैं। ऐसे में भारत युद्ध खत्म कराने के प्रयासों में प्रभावी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि अगर दुनिया में चल रहे युद्धों को समाप्त करने की दिशा में कोई पहल सफल होती है तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने शांति प्रयासों को समय की जरूरत बताया।
पूर्व DGP ने कहा कि भारत की कूटनीतिक स्थिति मजबूत है और कई देशों के साथ उसके संतुलित रिश्ते हैं। यही कारण है कि भारत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संवाद और शांति की कोशिशों में योगदान दे सकता है। रूस और यूक्रेन के बीच लंबे समय से जारी संघर्ष को लेकर कई देश शांति वार्ता की कोशिश कर रहे हैं। भारत लगातार यह कहता रहा है कि बातचीत और कूटनीति के जरिए ही विवादों का समाधान निकाला जा सकता है।
Tags: