कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ शहर में एक युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। सावन चक स्थित गुरुद्वारा चौक पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर युवक का रास्ता रोककर धारदार हथियारों और लाठियों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उसे दो गाड़ियों से कुचलने का भी प्रयास किया। हमले में वार्ड नंबर 21 निवासी रंधीर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल रंधीर सिंह को लहूलुहान हालत में राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसके सिर पर टांके लगाए गए। उसके शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आई हैं।

पुलिस को दी शिकायत में रंधीर सिंह ने बताया कि मंगलवार रात वह गुरुद्वारा चौक के पास मौजूद था। इसी दौरान आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया और तेजधार हथियारों तथा लाठियों से हमला कर दिया। शिकायत के अनुसार, हमलावरों ने स्कॉर्पियो नंबर JK08R-8883 और स्विफ्ट कार नंबर JK08E-5176 से उसे कुचलने की भी कोशिश की। इस दौरान जान से मारने की धमकियां देने का भी आरोप है।

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अमनदीप सिंह उर्फ एम्मी निवासी नैन सुख कॉलोनी, कर्णवीर सिंह उर्फ साहिल और हरसिमरण सिंह उर्फ हरसी निवासी जगतपुर, आकाश निवासी गोविंदसर तथा एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने एफआईआर संख्या 571 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 115(2), 351(2), 109 और 190 में मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि कुछ आरोपियों ने इशविंदर सिंह नामक एक अन्य युवक पर भी हमला करने का प्रयास किया था। इस संबंध में भी पुलिस को शिकायत दी गई है।

घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

फिलहाल सभी पांच नामजद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Tags: