एसपीयू पुरुष टीम ने लहराया जीत का परचम, हासिल की पहली रैंक
एसपीयू के खिलाड़ियों ने दिखाया दम, टेबल टेनिस में मिला पहला स्थान
मंडी: अंतर महाविद्यालय टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पुरुष टेबल टेनिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर कुलपति ललित अवस्थी ने पुरुष टेबल टेनिस टीम के सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन, कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, खेल एवं युवा कार्यक्रम डॉ. हितेश कुमार ने भी विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, समर्पण एवं प्रशिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है। पुरुष टीम के मैनेजर डॉ. विकेश कुमार एवं कोच शुभम शर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग की भी सराहना की गई। उन्होंने टीम की इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।