शिमला: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने अपने शाखा नेटवर्क के आधुनिकीकरण की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए बुधवार को बिलासपुर जिला के जुखाला और कुठेड़ा शाखाओं के नए भवनों का उद्घाटन किया। बैंक के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने दोनों भवनों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर बैंक के निदेशक डॉ. जगदीश चंद्र शर्मा, संजय शर्मा और सुनील कुमार शर्मा भी उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में बैंक के महाप्रबंधक जीत राम भारद्वाज, बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में बैंक के ग्राहक मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए बैंक अध्यक्ष देवेंद्र श्याम ने कहा कि हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक तेजी से आधुनिकीकरण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी शाखाओं का चरणबद्ध तरीके से सौंदर्यीकरण और उन्नयन किया जा रहा है। ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शाखाओं में आधुनिक सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बैंक की सभी शाखाओं में ग्राहकों के बैठने की बेहतर व्यवस्था के साथ आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

देवेंद्र श्याम ने बैंक की प्रगति का श्रेय मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बैंक प्रदेश के आम लोगों तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है और नए आयाम स्थापित कर रहा है।

उन्होंने बैंक की डिजिटल सेवाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि बैंक ने अपने पुराने कोर बैंकिंग सिस्टम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के फिनैकल सॉफ्टवेयर पर सफलतापूर्वक स्थानांतरित कर दिया है। इसके बाद बैंकिंग लेन-देन पहले की तुलना में अधिक तेज और सुरक्षित हो गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्राहकों को घर बैठे सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बैंक ने अपने मोबाइल ऐप ‘हिमपेसा' का नया संस्करण भी शुरू किया है। इस ऐप के माध्यम से ग्राहक तुरंत लेन-देन कर सकते हैं और उन्हें हर ट्रांजेक्शन के बाद तत्काल अलर्ट संदेश भी प्राप्त होता है।

बैंक अध्यक्ष ने क्षेत्र के लोगों से बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की। उन्होंने ‘सपनों का संचय’ और ‘सशक्त महिला ऋण योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाएं अपना कारोबार शुरू कर सकती हैं और अपने परिवार के भविष्य को मजबूत आधार दे सकती हैं। उन्होंने लोगों से बैंक की ‘पिक-अप मिनी ट्रक ऋण योजना’ का लाभ लेने का भी आग्रह किया। उनके अनुसार यह योजना साधारण और किफायती ब्याज दरों पर उपलब्ध है और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में मददगार साबित हो सकती है।

समारोह के दौरान बैंक प्रबंधन ने ग्राहकों को उपलब्ध कराई जा रही नई सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं की भी जानकारी दी। बैंक ने कहा कि प्रदेशभर में अपनी सेवाओं को और अधिक आधुनिक, सुरक्षित और ग्राहक केंद्रित बनाने की दिशा में प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Tags: