शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में अब तक 11 जिला परिषदों के चुनाव संपन्न हुए हैं, जिनमें 10 पर भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि इन परिणामों से प्रदेश में बदलते राजनीतिक माहौल का संकेत मिलता है और कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों की नाराजगी सामने आ रही है।

बिंदल ने जिला परिषद शिमला के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि इस जीत से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के प्रति लोगों का भरोसा कम हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने इन चुनावों में अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी ताकत लगाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कई मंत्रियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई और सत्ता तथा प्रशासनिक प्रभाव का इस्तेमाल किया गया। इसके बावजूद भाजपा दोनों पद जीतने में सफल रही।

उन्होंने कहा कि भाजपा के निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने दबाव के बीच संगठन के साथ एकजुटता बनाए रखी। बिंदल ने इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत को देते हुए जिला शिमला के नेताओं, पदाधिकारियों और निर्वाचित प्रतिनिधियों को बधाई दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर आर्थिक बोझ बढ़ा है और कर्मचारी, युवा, महिलाएं, किसान-बागवान तथा आम लोग सरकार की कार्यप्रणाली से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि जिला परिषदों के चुनाव परिणाम इसी असंतोष का संकेत हैं।

बिंदल ने कहा कि प्रदेश में कुल 12 जिला परिषदें हैं और अब तक 11 के चुनाव हो चुके हैं। इनमें 10 में भाजपा के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने गए हैं। उन्होंने दावा किया कि ये परिणाम आने वाले समय की राजनीतिक दिशा को भी स्पष्ट कर रहे हैं और प्रदेश में भाजपा के प्रति जनसमर्थन मजबूत हो रहा है।

Tags: