शिमला: जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पोस्ट कोड-939 की भर्ती प्रक्रिया में नया मोड़ आ गया है। बिजली बोर्ड द्वारा 148 चयनित अभ्यर्थियों को नौकरी देने में असमर्थता जताने के बाद अब इन अभ्यर्थियों को राज्य सरकार के पांच अन्य बोर्ड व निगमों में पद दिए जाएंगे। जेओए आईटी के 295 पदों को भरने की प्रक्रिया वर्ष 2022 से चल रही है। 24 अप्रैल 2022 को आयोजित लिखित परीक्षा में 1.18 लाख आवेदकों में से 68 हजार लोगों ने भाग लिया था। हालांकि दिसंबर 2022 में सामने आए पेपर लीक मामले के कारण करीब दो साल तक इस भर्ती के अंतिम परिणाम घोषित नहीं किए जा सके थे।

अप्रत्याशित स्थिति तब उत्पन्न हो गई जब विद्युत बोर्ड ने सरकार से परिणाम घोषित करने की अनुमति मिलने के बाद भी 148 रिक्त पदों को भरने में असमर्थता व्यक्त कर दी। जबकि अभ्यर्थियों को पहले ही उसी पोस्ट कोड के अंतर्गत अन्य विभागों में पदों पर नियुक्त किया जा चुका है। राज्य चयन आयोग द्वारा चयनित अभ्यर्थियों की अनुशंसाएं एवं आवश्यक दस्तावेज विद्युत बोर्ड को प्रस्तुत किए गए, लेकिन बोर्ड के इनकार के बाद मामला राज्य सरकार के समक्ष रखा गया। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने 148 उम्मीदवारों को अन्य बोर्ड व निगमों में शामिल करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

इनमें हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड, हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन विभाग निगम, एचपीएमसी, कृषि विपणन बोर्ड शामिल हैं। राज्य चयन आयोग हमीरपुर ने इन चयनित अभ्यर्थियों को अपने विकल्प प्रस्तुत करने के लिए अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह तक का समय दिया था। उम्मीदवारों से वरीयता प्राप्त करने के बाद, आयोग योग्य उम्मीदवारों को बोर्ड और निगम आवंटित करता है। इस आवंटन की सूची मंगलवार को राज्य सरकार यानी कार्मिक विभाग को भेज दी गई। अब इन बोर्डों और निगमों में नियुक्तियों के लिए औपचारिक सिफारिश राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। इस घटनाक्रम से दो साल से नौकरी का इंतजार कर रहे उम्मीदवारों का इंतजार खत्म होने की उम्मीद है।

राज्य सरकार की ओर से आयोग को अभ्यर्थियों से विकल्प सूची लेने का काम सौंपा गया था। उम्मीदवारों से वरीयता प्राप्त करने और बोर्ड व निगमों का आवंटन करने के बाद सूची सरकार को भेज दी गई है।

Tags: