जनता की तहेदिल से सेवा करना ही सबसे बड़ा प्रवास: सुखविंदर सिंह

Update: 2023-05-24 08:32 GMT
धर्मशाला। अपने 9 दिवसीय दौरे पर कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए कहा कि कांगड़ा उनका घर है और घर में कभी प्रवास नहीं होता, कांगड़ा को कैसे विकास की पटरी पर आगे ले जाया जाए, इस दिशा में काम करने के लिए मैं कांगड़ा आया हूं और 2 दिन तक यहां तमाम विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करके ये समीक्षा करने का प्रयास करूंगा कि कैसे कांगड़ा को पर्यटन के लिहाज से विकसित किया जाए। सीएम ने शीतकालीन प्रवास की बजाय गर्मियों में कांगड़ा प्रवास को व्यवस्था परिवर्तन का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि यही व्यवस्था परिवर्तन है मगर हां प्रवास कुछ नहीं होता, जनता की तहेदिल से सेवा करना ही सबसे बड़ा प्रवास है चाहे वो शीतकाल में हो या गृष्मकाल में। सीएम ने कहा कि वह कई मर्तबा इस बात को दोहरा चुके हैं कि वह सत्ता सुख भोगने के लिए नहीं जनता की सेवा के लिए आए हैं। कांगड़ा में ऑल ओवर विकास कैसे हो इसके लिए वह बाकायदा 3 हजार करोड़ रुपए का भी प्रावधान कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता की कसौटी पर खरा उतरने की पूरी-पूरी कोशिश करेंगे। वह पहले ही कह चुके हैं कि प्रदेश की जनता कर्ज के बोझ तले दबी हुई है, मगर महज 4 वर्ष के अंतराल में ही प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आएगी और 10 वर्षों में हिमाचल देश का सबसे समृद्ध और अमीर राज्य बनेगा, ये उनका दावा है।वहीं उन्होंने धर्मशाला को प्रदेश की दूसरी राजधानी के दर्जे पर कहा कि वह सिर्फ कांगड़ा काे पर्यटन राजधानी के तौर पर विकसित करना चाहते हैं और उसी दिशा में काम भी कर रहे हैं। लोकसभा के चुनावों पर उन्होंने कहा कि लोकसभा के चुनाव 2024 में हैं मगर अभी उन्हें जनता की सेवा करनी है।
Tags:    

Similar News