हिमाचल में विकसित होंगे नए पर्यटन स्थल

Update: 2023-06-16 12:14 GMT

धर्मशाला न्यूज़: हिमाचल में अब हर साल करीब 3 करोड़ पर्यटक राज्य के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर पहुंच रहे हैं। इनकी संख्या को अगले 5 साल में 5 करोड़ तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई पर्यटन नीति बनाई जाएगी. नीति में प्रदेश के अनछुए पर्यटन स्थलों को बढ़ावा दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रकृति ने हिमाचल को अपार सौन्दर्य प्रदान किया है। राज्य में कई रमणीय स्थल हैं, जिन्हें नए पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल पर्यटक खूबसूरत जगह का भ्रमण कर सकेंगे, बल्कि स्वरोजगार की संभावनाएं भी बढ़ेंगी और राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

मई तक 72 लाख पर्यटक हिमाचल आए

सुक्खू ने कहा कि मई, 2023 तक लगभग 72 लाख पर्यटक हिमाचल आए हैं। उन्होंने पर्यटन विभाग को पर्यटकों की संख्या का सही आंकड़ा सुनिश्चित करने और पर्यटन के बुनियादी ढांचे में सुधार के लिए डेटा संग्रह की एक प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कांगड़ा पर्यटन परियोजना का संकल्पना पत्र तैयार करने के निर्देश

कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू ने पर्यटन विभाग को कांसेप्ट पेपर तैयार करने के निर्देश दिए। इन परियोजनाओं में सकोह में रोलर स्केटिंग रिंक, परागपुर में गोल्फ कोर्स, मांझा में टॉप रिजॉर्ट, नरघोटा में पर्यटन गांव और कांगड़ा में प्रस्तावित एयरो सिटी शामिल हैं।

Tags:    

Similar News