Nahan: सिरमौर में माइनिंग साइट पर बड़ा हादसा, पहाड़ दरकने से 3 लोगों के दबने की आशंका
पहाड़ दरकने से माइनिंग साइट पर अफरा-तफरी, 3 लोगों के दबने की आशंका
नाहन: जिला सिरमौर के कफोटा के समीप तिलोरधार (बांगनधार) में मंगलवार को भारी बारिश के बीच माइनिंग कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसक गया। इस भारी भूस्खलन की चपेट में आने से 3 लोग दब गए। इनमें एक स्थानीय चालक और 2 नेपाली मजदूर हैं। हादसे में 2 गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच गईं और दबे लोगों की तलाश शुरू की गई।
बताया जा रहा है कि तिलोरधार में माइनिंग कार्य चल रहा था। इसी दौरान पत्थरों से भरी एक गाड़ी माइनिंग स्थल से बाहर निकल रही थी। तभी अचानक ऊपर से भारी मलबा और विशालकाय चट्टानें खिसककर नीचे आ गिरीं। देखते ही देखते पूरा हिस्सा मलबे की चपेट में आ गया। आशंका है कि गाड़ी के चालक समेत 3 लोग इसी मलबे के नीचे दब गए हैं। हादसे के बाद मौके पर बड़े-बड़े पत्थर और भारी मलबा जमा हो गया है। रेस्क्यू टीमों को चट्टानों और मलबे को हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। घटनास्थल पर स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। भारी बारिश के कारण पहाड़ी से दोबारा मलबा गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। एसडीएम शिलाई जसपाल भी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से मलबे की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
एसडीएम शिलाई जसपाल ने बताया कि वह घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भारी भूस्खलन के बीच 3 लोगों के दबने की आशंका है।भारी बारिश के कारण फिलहाल रेस्क्यू कार्य रोकना पड़ा है।
फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में दबे बताए जा रहे 3 लोगों को तलाशने और सुरक्षित बाहर निकालने पर है। बारिश थमने और हालात सुरक्षित होने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को दोबारा तेज किया जाएगा।